मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया भेल और पुराने भोपाल क्षेत्र का भ्रमण

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया भेल और पुराने भोपाल क्षेत्र का भ्रम


कामकाजी महिला हॉस्टल देखा, महिलाओं से चर्चा की, कहा - चिंतित न हों, मामा हैं न


सभी आवश्यक सामग्री दी जाएगी, आप सब भी सामाजिक दूरी का पालन करें


कंट्रोल रूम में लोगों की सहायता देने वालों से वर्किंग की जानकारी ली


हेल्प लाइन से निपट रहीं समस्याएं


 
भोपाल: मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सोशल डिस्टेंसिंग के तय कायदों का इस्तेमाल करते हुए भोपाल के भेल क्षेत्र और ओल्ड सिटी के कुछ स्थानों का भ्रमण कर लॉकडाउन में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सबसे पहले भेल क्षेत्र में स्थित भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड द्वारा संचालित त्रिवेणी वूमेन हॉस्टल का अवलोकन किया। यहां रह रही कामकाजी महिलाओं ने बताया कि उन्हें आवश्यक सामग्री प्राप्त हो रही है। 


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिलाओं से कहा कि - आप बिल्कुल चिंतित न हों, जीवन के लिए आवश्यक खान-पान की वस्तुएं और अन्य सामग्री आपको सहज उपलब्ध रहेगी। आप सभी सोशल डिस्टेंसिंग का अवश्य पालन करें। सामाजिक दूरी रखने से यह समस्या आसानी से हल होगी। हम निश्चित ही यह जंग जीतेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान से सहज संवाद के पश्चात महिलाएं काफी आश्वस्त नजर आईं।


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इसके पश्चात डाटर्स नेस्ट गर्ल्स हॉस्टल एम.पी. नगर जोन-2 जाकर वहाँ रहने वाली छात्राओं से भी बात की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गर्ल्स हॉस्टल में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक सामग्री की आपूर्ति की व्यवस्था जानी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने एक अभिभावक की तरह वहां रहने वाली छात्राओं से आत्मीयतापूर्वक पूछा कि मम्मी से बात करती रहती हो न, चिंता न करें मम्मी से कहना कि मामा आए थे हालचाल जानने। घर में फोन करके बता देना मम्मी पापा से कि चिंता ना करें,  यहाँ मामा हैं, जो हमारी चिंता कर रहे हैं। छात्राओं ने कहा कि आपके आने से अब हमे कोई चिंता नहीं है।


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मास्क और सेनेटाईजर के उपयोग एवं उपलब्धता की भी जानकारी ली। हॉस्टल के निरीक्षण में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छात्राओं से कोरोना के कारण आ रही समस्याओं के बारे में जाना और इससे निपटने के लिए संबंधित अधिकारी को तत्काल निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को प्रोत्साहित किया कि कुछ दिन की समस्याएं हैं और हम मिलकर लड़ेंगे और कोरोना को परास्त करेंगे।


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पूछा जंग जीत लेंगे न ? युवाओं ने कहा हाँ जंग जीत लेंगे। इसके पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान स्मार्ट सिटी आफिस पहुंचे और यहाँ से कंट्रोल रूम के माध्यम से दी जा रही नागरिक  सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्य कर रही टीम का हौसला बढ़ाया।
 
मुख्यमंत्री श्री चौहान को अपर मुख्य सचिव श्री आई सी पी केसरी ,प्रमुख सचिव श्री संजय दुबे जी,कमिश्नर भोपाल संभाग श्रीमती  कल्पना  श्रीवास्तव  ने की गई व्यवस्थाओं का विवरण दिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्य कर रहे युवाओं से पूछा, कोरोना से जंग जीत लेंगे न ? सभी ने कहा हाँ जीत लेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जब यह चर्चा की तो युवाओं के चेहरे पर आत्मविश्वास दिखाई दिया। इस केन्द्र में काम करने वाले एक युवक और युवती से उनके  काम को समझा, उनकी परेशानियों को जाना और कहा कि लोगों की ज्यादा से ज्यादा मदद करने का प्रयास करें।


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अन्य युवाओं से भी बातचीत कर उन्हें अधिक परिश्रम से कार्य के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह राष्ट्र की सेवा है। इस आपदा में आप सभी के योगदान को याद रखा जाएगा।  


राज्य स्तर पर कोरोना संक्रमण रोकथाम की गतिविधियों से जुड़े  सभी लोगों  को  निर्देशित किया जा रहा है। सभी गतिविधियों में समन्वय स्थापित कर आम जनता को सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। मुख्यमंत्री  श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कंट्रोल रूम में स्थापित  स्वास्थ्य प्रभाग का भी निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रदेश की जनता को किसी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए। सभी लोगों के स्वास्थ्य पर विशेष निगाह रखी जाए यदि किसी व्यक्ति की सूचना में संक्रमण के लक्षण दिखते हैं तो उनको टीम भेजकर तुरंत डॉक्टर से परीक्षण कराया जाए।  इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि  इस युद्ध में सब के सहयोग से जीत हासिल होगी।


मुख्यमंत्री ने लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं भोजन, राशन की व्यवस्था का भी अवलोकन किया। कलेक्टर,भोपाल  ने बताया कि जिले में  गरीब, बेसहारा को निशुल्क राशन देने के  निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्मार्ट सिटी स्थित 104/181 और व्हाट्सअप नंबर 9301089967 पर प्राप्त हो  रही समस्याओं और उनके  निवारण के लिए बने इस केंद्र का  निरीक्षण किया। इसमें आम जनता की शिकायतों और समस्याओं को सुना जा रहा है।


 राज्य स्तर पर  प्राप्त सूचनाओं को संबंधित जिलों को स्थानांतरित किया जा रहा है। जिलों में किसी चीज की राशन पेट्रोल डीजल के अतिरिक्त आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई पर भी विशेष निगाह रखी जा रही है। इसके साथ ही दूसरे राज्यों से आए हुए लोगों के विस्थापन के साथ ही उनकी भोजन पानी की व्यवस्था पर भी लगातार निगाह रखी जा रही है । मुख्यमंत्री श्री चौहान  ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आव्हान किया कि आप सेवा में निरंतर लगे हुए हैं।  हम सब एक साथ मिलकर कोरोना संक्रमण को हराएंगे  और मानव जीवन को बचाएंगे।


पुराने शहर के बाशिंदे हुए हैरान
लॉकडाउन के दौरान जब परस्पर दूरी के प्रोटोकॉल का ध्यान रखते हुए मुख्यमंत्री  श्री चौहान ने बुधवारा चौराहा और इमामी गेट होते हुए अन्य क्षेत्र में पहुँचे तो नागरिकों को काफी हैरानी हुई। लोगों के चेहरे पर प्रसन्नता के भाव भी थे। इस कठिन समय में दु:ख, दर्द जानने सड़कों पर निकले मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लोगों से कहा आप घबराएं नहीं, सरकार आपके साथ है, हाँ जरूरी सावधानियां अवश्य बरतें। यह सभी के लिए जरूरी है। उन्होंने नागरिकों को कहा कि धैर्य और साहसे से इस विपदा का सामना करें। यह कठिन समय बीत जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान श्री मां आशापुरा दरबार अन्य क्षेत्र पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मिले और उन्हें सेवा कार्य के लिए धन्यवाद दिया। यहां संचालित निशुल्क भोजन शाला का निरीक्षण किया। प्रतिदिन इस भोजनशाला में आने वाले व्यक्तियों ने बताया कि उन्हें दो वक्त की रोटी मिलने से कोरोना जैसी विपदा के प्रति कोई घबराहट नहीं है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नागरिकों को संक्रामक रोग से बचाव के उपायों की भी समझाईश दी। इस अवसर पर पूर्व महापौर श्री आलोक शर्मा उपस्थित थे।